Published On: Tue, Aug 7th, 2012

Live: टी20 में लंका फतह, 39 रनों से जीता भारत

Print Friendly
Share This
Tags

कोलंबो, एजेंसीः  भारत ने श्रीलंका को एकमात्र टी20 मुकाबले में 39 रनों से हरा दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली के अर्धशतक की बदौलत तीन विकेट पर 155 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई पारी 18 ओवर में 116 रन बनाकर सिमट गई। भारत के लिए अशोक डिंडा ने सर्वाधिक चार विकेट लिए।

इरफान का कहरः

इरफान पठान ने अपने पहले स्पेल में तीन विकेट चटकाकर श्रीलंका को बैकफुट पर धकेल दिया था। पारी की पांचवी गेंद पर ही उन्होंने दिलशान को बगैर खाता खोले क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके बाद उन्होंने पारी के तीसरे ओवर में थरंगा 5 को स्लिप में रैना के हाथों कैच कराया और फिर पांचवे ओवर में खतरनाक साबित हो रहे महेला जयवर्द्धने को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया।

जयवर्द्धने ने उमेश यादव द्वारा फेंके गए पारी के चौथे ओवर में 4 चौके जमाए। हालांकि अगले ही ओवर में पठान ने जयवर्द्धने को आउट कर दिया। जयवर्द्धने ने 19 गेंदों पर पांच चौके की मदद से 26 रन बनाए।

खतरनाक थिरिमाने और मैथ्यूजः

तीन विकेट जल्दी गिर जाने के बाद थिरिमाने और मैथ्यूज ने पारी को संवारने की कोशिश की। दोनों के बीच 33 रनों की साझेदारी हुई। थिरिमाने ने 20 और मैथ्यूज ने 31 रन बनाए। मैथ्यूज को डिंडा ने और थिरिमाने को आर अश्विन ने आउट किया। थिरिमाने अश्विन की पहली ही गेंद पर आत्मघाती रिवर्स स्वीप खेलने के चक्कर में क्लीन बोल्ड हो गए।

डिंडा का डंडाः

अंतिम ओवरों में भारत की मजबूत स्थिति को अशोक डिंडा ने जीत में बदल दिया। डिंडा ने पारी के 18 ओवर में चांडीमल (7), इरंगा (6) और मलिंगा (0) को आउट कर श्रीलंकाई पारी को 116 रनों पर समेट लिया।

श्रीलंका को 156 रनों का टारगेट, कोहली की फिफ्टी

भारत ने श्रीलंका के सामने टी20 मैच में जीत के लिए 156 रनों का टारगेट रखा है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 155 रन बनाए। भारत के लिए विराट कोहली ने अर्धशतक जमाया।

श्रीलंका ने टॉस जीतने के बाद भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था। भारत की शुरूआत अच्छी नहीं रही गौतम गंभीर पारी के दूसरे ही ओवर में सात रन बनाने के बाद इरंगा की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए।

विराट कोहली ने वनडे सीरीज का शानदार फार्म टी20 में भी जारी रखा। उन्होंने 48 गेंदों पर 68 रनों की धमाकेदार पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 11 चौके और एक छक्का जमाया। कोहली ने रहाणे के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 9.5 ओवर में 74 रनों की साझेदारी की। अंजिक्य रहाणे 21 रन बनाने के बाद जीवन मेंडिस को उनकी ही गेंद पर रिटर्न कैच थमा बैठे। रहाणे ने 25 गेंदों का सामना करते हुए अपनी पारी में एक छक्का जमाया।

अंत में सुरेश रैना ने 25 गेंदों पर 34 रनों की नाबाद पारी खेली। रैना ने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का जमाया। धोनी 14 गेंदों पर 16 रन बनाकर नाबाद रहे।

श्रीलंका ने एकमात्र टी20 मुकाबले में टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया है। भारतीय टीम में दो बदलाव किए गए है। चोट की वजह से वनडे सीरीज के बाद भारत लौटे वीरेन्द्र सहवाग और जहीर खान की जगह अजिंक्य रहाणे और उमेश यादव को टीम में शामिल किया गया है।

About the Author

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <strike> <strong>