OLYMPIC: 9.63 सेकंड में दुनिया जीतने वाला क्रिकेट के भगवान का सबसे ‘तेज’ भक्त
जमैका के उसैन बोल्ट ने अपने आलोचकों को करार जवाब देते हुए 100 मीटर फर्राटा दौड़ नए ओलंपिक रिकॉर्ड से जीत ली। ओलंपिक के पहले बोल्ट को कड़ी चुनौती मिलने का दावा किया जा रहा था लेकिन बोल्ट ने 9.63 सेकंड में दौड़ पूरी कर गोल्ड मेडल जीत लिया।
बोल्ट के नाम पर ही 9.58 सेकंड में 100 मीटर फर्राटा दौड़ का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी हैं। दुनिया का यह सबसे तेज धावक क्रिकेट का खासा दीवाना हैं और दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों की तरह उनका भी पसंदीदा क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर हैं। क्रिकेट के भगवान के इस भक्त को अफसोस हैं कि वो अब तक सचिन को बल्लेबाजी करते हुए नहीं देख पाए। सचिन पिछले साल वर्ल्ड कप जीत के बाद वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं गए थे। बोल्ट ने उस वक्त एक टीवी इंटरव्यू में कहा था कि वो सचिन के खेल के दीवाने है और सचिन के कैरिबियाई दौरे पर नहीं आने की वजह से वो अपने इस पसंदीदा क्रिकेटर को आंखों के सामने बल्लेबाजी करते हुए नहीं देख पाए।
उसेन बोल्ट ने एक निजी टेलीविजन चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा था, ‘मुझे उस दिन का बेसब्री से इंतजार हैं जब मैं अपनी आंखों के सामने सचिन तेंदुलकर को बल्लेबाजी करते हुए देखूंगा। वह जमैका में वेस्ट इंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में खेलते तो यह काफी शानदार होता। मैं उन्हें खेलते हुए देखना चाहता हूं, यह मेरा सपना हैं।’
बोल्ट को सचिन तेंदुलकर के खेल की आक्रमकता पसंद हैं। बोल्ट की नजर में सचिन बेहद आक्रमक खिलाड़ी हैं। कुछ ऐसी ही आक्रमकता उन्हें टीम इंडिया की कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के खेल में नजर आती हैं। बोल्ट के मुताबिक सचिन और धोनी दोनों आक्रमक खिलाड़ी हैं।













