Unbelivable! दो गेंद में हैटट्रिक
हैटट्रिक यानि तीन लगातार गेंदों पर तीन विकेट। यानि किसी भी गेंदबाज को हैटट्रिक लेने के लिए तीन गेंदों की जरूरत होती हैं, लेकिन सीनियर क्रिकेट में एक हैटट्रिक ऐसी देखने को मिली जो केवल दो गेंदों में बन गई थी। सवाल उठना लाजमी है कि ऐसा कैसे हो सकता है?
दरअसल, दो गेंदों में हैटट्रिक 2010 चैंपियंस लीग में बनी थी। ये करिश्मा श्रीलंकाई टीम वयांबा के लेफ्ट आर्म गेंदबाज इसुरू उडाना ने किया था। उडाना ने सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स के खिलाफ पोर्ट एलिजाबेथ के मैदान पर सीनियर क्रिकेट की ये ऐतिहासिक हैटट्रिक अपने नाम की थी।
उडाना ने टी20 मैच में सबसे पहले सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स के ब्रैट पेटन को अपना शिकार बनाया। पेटन उनकी गेंद को समझ नहीं पाए थे और विकेट कीपर को कैच थमा बैठे। अगली गेंद पर उडाना ने मैथ्यू सिनक्लेयर को खाता खोले बगैर स्टंप आउट कर दिया। हालांकि ये वो गेंद थी जिसे गिना नहीं गया क्योंकि उडाना की ये गेंद वाइड थी।
इस तरह उडाना ने एक गेंद पर दो विकेट ले लिए। अब हैट्रिक बचाने की जिम्मेदार जॉर्ज वर्कर पर थी। वयांबा टीम के सारे खिलाड़ियों ने वर्कर को घेर लिया था। कोशिश कैच लपकने की थी लेकिन उडाना ने ऐसी गेंद फेंकी की वर्कर क्लीन बोल्ड हो गए।
उडाना ने पारी के तीसरे ही ओवर में ये हैट्रिक हासिल की। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स की टीम इस करिश्माई हैटट्रिक की वजह से लड़खड़ा गई और उसने 74 रनों से ये मैच गंवा दिया। शुरूआत में क्रिकेट विशेषज्ञों का ध्यान इस ओर नहीं गया था कि उड़ाना ने जो हैटट्रिक हासिल की वो असल में दो गेंदों पर ही बन गई थी। बाद में जब विशेषज्ञों के जेहन में ये बात आई है रिकॉर्ड को खंगाला गया तो पता चला कि सीनियर क्रिकेट में इससे पहले कभी भी इस तरह किसी गेंदबाज ने दो गेंदों पर हैटट्रिक लेने का करिश्मा नहीं किया है।














