आईपीएल लाइवः कोलकाता बना आईपीएल का नया चैंपियन
चेन्नई, एजेंसीः कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल पांच का खिताब जीत लिया है। कोलकाता ने फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हरा दिया। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 190 रन बनाए थे। जवाब में कोलकाता ने मनविंदर बिस्ला और जैक कैलिस की शानदार पारियों की बदौलत 2 गेंद शेष रहते हुए 5 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। शाहरूख खान की टीम ने पहली बार आईपीएल का खिताब जीता है।
कोलकाता की जीत के नायक मनविंदर बिस्ला रहे जिन्होंने 48 गेंदों पर 89 रनों की पारी खेली। बिस्ला ने अपनी पारी में आठ चौके और पांच छक्के जमाए। उन्होंने जैक कैलिस के साथ दूसरे विकेट के लिए 13.4 ओवर में 136 रनों की साझेदारी की। बिस्ला के आउट होने के बाद भी कैलिस ने एक छोर को थामे रखा। कैलिस ने 49 गेंदों पर 69 रनों की पारी खेली।
कोलकाता की शुरूआत अच्छी नहीं रही और कप्तान गौतम गंभीर पहले ही ओवर की अंतिम गेंद पर दो रन बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए। उनका विकेट बेन हिल्फेनहॉस ने लिया। गंभीर के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए मनविंदर बिस्ला ने हल्ला बोलते हुए 27 गेंदों पर अर्धशतक ठोक दिया। बल्लेबाजी क्रम में बदलाव कर पहले बल्लेबाजी करने के लिए भेजे गए लक्ष्मी रतन शुक्ला कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए और तीन रन बनाकर आउट हो गए। यूसुफ पठान कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए और केवल एक रन बनाकर आउट हो गए।
आईपीएल पांच के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइटराइडर्स के सामने जीत के लिए 191 रनों का टारगेट रखा है। चेन्नई के लिए सुरेश रैना ने 73 रनों की धमाकेदार पारी खेली। उनके अलावा माइक हसी ने भी अर्धशतक जमाया। चेन्नई ने तीन विकेट पर 190 रन बनाए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई को मुरली विजय और माइक हसी ने एक बार फिर धमाकेदार शुरूआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 10.2 ओवर में 87 रनों की साझेदारी की। विजय ने 32 गेंदों का सामना करते हुए अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का जमाया। हसी ने 43 गेंदों पर 54 रन बनाए।
सुरेश रैना ने 38 गेंदों पर 73 रनों की पारी खेली। रैना ने अपनी पारी में 3 चौके और 5 छक्के जमाए। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए हसी के साथ 6.5 ओवर में 73 रनों की साझेदारी की। रैना पारी की अंतिम गेंद पर आउट हुए। शाकिब अब हसन की गेंद पर ब्रेट ली ने उनका शानदार कैच लपका। धोनी 14 रन बनाकर नाबाद रहे।













